Krishi Times Header
लोड हो रहा है...  |  Krishi Times
  • Home  
  • किसानों के लिए खुशखबरी: केवीके पोकरण को मिला नया कृषि क्षेत्र !!
- कृषि समाचार

किसानों के लिए खुशखबरी: केवीके पोकरण को मिला नया कृषि क्षेत्र !!

पोकरण: कृषि विज्ञान केंद्र को बीज उत्पादन के लिए मिली 10 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ !! पोकरण, जैसलमेर। क्षेत्र में कृषि विकास और गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), पोकरण को रशीद अहमद नगर में 10 हेक्टेयर अतिरिक्त […]

पोकरण: कृषि विज्ञान केंद्र को बीज उत्पादन के लिए मिली 10 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ !!

पोकरण, जैसलमेर। क्षेत्र में कृषि विकास और गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), पोकरण को रशीद अहमद नगर में 10 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि का आवंटन किया गया है। इस भूमि पर कृषि अनुसंधान, किसानों के प्रशिक्षण और उच्च गुणवत्ता वाले बीज उत्पादन की गतिविधियों को विस्तार दिया जाएगा, जिससे स्थानीय किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

बीज उत्पादन और अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा !!

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. दशरथ प्रसाद ने बताया कि कई बार क्षेत्र के किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीजों के लिए अन्य जिलों या राज्यों पर निर्भर रहना पड़ता है। नई भूमि मिलने से अब केंद्र स्थानीय जलवायु के अनुरूप फसलों के उच्च गुणवत्ता वाले बीजों का उत्पादन कर सकेगा। उन्होंने बताया कि इस भूमि पर मूंग, मोठ, ग्वार, जीरा और ईसबगोल जैसी प्रमुख रबी एवं खरीफ फसलों की उन्नत किस्मों का बीज उत्पादन किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न फसलों के प्रदर्शन प्लॉट, उन्नत कृषि परीक्षण और नई तकनीकों का प्रदर्शन भी किया जाएगा, ताकि किसान आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।

किसानों को समय पर मिलेगा गुणवत्तापूर्ण बीज !!

डॉ. दशरथ प्रसाद ने कहा कि स्थानीय स्तर पर बीज उत्पादन बढ़ने से किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध हो सकेंगे। उच्च गुणवत्ता वाले बीजों के उपयोग से फसलों की उत्पादकता में वृद्धि होगी और किसानों की आय में भी सकारात्मक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

केंद्र को भी मिलेगा आर्थिक संबल !!

उन्होंने बताया कि अतिरिक्त भूमि मिलने से कृषि विज्ञान केंद्र की गतिविधियों का दायरा बढ़ेगा। बीज उत्पादन और अन्य कृषि कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र को अतिरिक्त आय सृजन में भी सहायता मिलेगी, जिससे किसानों के लिए प्रशिक्षण, प्रदर्शन और तकनीकी मार्गदर्शन जैसी सेवाओं को और मजबूत किया जा सकेगा।

सहयोग के लिए जताया आभार !!

इस अवसर पर केंद्र अध्यक्ष डॉ. दशरथ प्रसाद ने अतिरिक्त भूमि के आवंटन के लिए राजस्थान सरकार, स्वामी केशवानन्द राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु व कुलसचिव, जिला प्रशासन जैसलमेर तथा कृषि विज्ञान केंद्र पोकरण के स्टाफ सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से क्षेत्र में कृषि अनुसंधान, बीज उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों को नई गति मिलेगी और लंबे समय में क्षेत्रीय कृषि विकास को मजबूती मिलेगी।