• Home  
  • शीतलहर में गन्ना किसानों को राहत, मिल यार्डों में अलाव व सुविधाओं के निर्देश
- कृषि समाचार

शीतलहर में गन्ना किसानों को राहत, मिल यार्डों में अलाव व सुविधाओं के निर्देश

उत्तर प्रदेश सरकार गन्ना किसानों के प्रति संवेदनशील,क्रय केंद्रों व चीनी मिल यार्डों में सुविधाओं के सुदृढ़ प्रबंधन के सख्त निर्देश लखनऊ, –प्रदेश में जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए प्रदेश सरकार ने गन्ना किसानों के हित में अहम कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गन्ना किसानों की सुरक्षा, सुविधा […]

उत्तर प्रदेश सरकार गन्ना किसानों के प्रति संवेदनशील,
क्रय केंद्रों व चीनी मिल यार्डों में सुविधाओं के सुदृढ़ प्रबंधन के सख्त निर्देश

लखनऊ, –प्रदेश में जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए प्रदेश सरकार ने गन्ना किसानों के हित में अहम कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गन्ना किसानों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मानजनक व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश की सभी चीनी मिलों एवं गन्ना क्रय केंद्रों पर सुदृढ़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

मा. गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी एवं राज्यमंत्री संजय गंगवार के मार्गदर्शन में अपर मुख्य सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास वीना कुमारी के निर्देशों के अनुपालन में आयुक्त, गन्ना एवं चीनी, उत्तर प्रदेश ने बताया कि गन्ना किसान प्रदेश की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। शीतलहर जैसे प्रतिकूल मौसम में उनके स्वास्थ्य और सुविधा का संरक्षण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अलाव व मूलभूत सुविधाओं की अनिवार्य व्यवस्था

प्रदेश में पड़ रही भीषण ठंड को ध्यान में रखते हुए समस्त चीनी मिलों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने से संबद्ध किसानों के लिए मिल यार्डों एवं गन्ना कय केंद्रों पर अलाव जलाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। अलाव के लिए सूखी लकड़ी, खोई तथा अन्य स्थानीय संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि अलाव इस प्रकार जलाए जाएं, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना या पर्यावरणीय क्षति न हो।

इसके अतिरिक्त किसानों के लिए छायादार शेड, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ परिसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सर्द मौसम में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

त्वरित तौल और न्यूनतम प्रतीक्षा समय पर जोर

गन्ना आयुक्त ने बताया कि चीनी मिलें किसानों से गन्ना मिल गेट तथा बाहरी गन्ना खरीद केंद्रों के माध्यम से खरीद करती हैं। बाहरी खरीद केंद्रों पर गन्ना खरीद सूर्योदय से सूर्यास्त तक तथा मिल गेट पर चौबीसों घंटे संचालित रहती है। ऐसे में यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि किसानों को ठंड में लंबी प्रतीक्षा न करनी पड़े। इसके लिए सभी चीनी मिलों को त्वरित तौल व्यवस्था अपनाने और न्यूनतम प्रतीक्षा समय सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

क्षेत्रीय अधिकारियों को किसानों से सीधा संवाद

सरकार ने क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे चीनी मिल परिसरों एवं गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों से सीधा संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। नियमित निरीक्षण के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि किसानों को किसी भी स्तर पर असुविधा न हो।

किसानों के सम्मान और सुविधा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध

गन्ना आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि गन्ना किसान को मिल गेट या कय केंद्रों पर किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसी उद्देश्य से सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने, व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने और किसानों की समस्याओं का तत्काल एवं प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *